लखनऊ 26 मार्च (आरएनएस )। अखिलेश यादव ने भाजपा पर झूठे प्रचार और फर्जी एमओयू करने का आरोप लगाते हुए प्रदेश में हुए सभी एमओयू की जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि भाजपा झूठे प्रचार और इवेंट पर चलने वाली पार्टी है, जो जनता को धोखा देने और माहौल बनाने के लिए कंपनियों से फर्जी एमओयू करती है।बृहस्पतिवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि हाल ही में हुए एक एमओयू को लेकर पूरे देश में भाजपा सरकार की चर्चा हुई, जिससे इस सरकार की सच्चाई सामने आ गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जिन कंपनियों से एमओयू कर रही है, उनका कोई मजबूत वित्तीय बैकग्राउंड नहीं है। भाजपा झूठे प्रचार पर चलती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि हिटलर के समय जर्मनी में केवल एक प्रोपेगेंडा मिनिस्टर होता था, लेकिन भाजपा सरकार में केन्द्र और प्रदेश के सभी मंत्री खुद को प्रोपेगेंडा मिनिस्टर समझते हैं और झूठ बोलने में लगे हैं।
रसोई गैस और पेट्रोल की किल्लत को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में जनता को लाइन के सिवा कुछ नहीं मिला। उन्होंने कहा कि जनता की परेशानियों को दूर करने के लिए सरकार ने कोई ठोस तैयारी नहीं की, बल्कि 14.2 किलो के सिलेंडर को 10 किलो का कर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा के फैसलों ने लोगों को बार-बार लाइन में खड़ा किया है, लेकिन इस बार जनता लाइन में लगकर भाजपा का सफाया करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि भाजपा पीडीए से घबराई हुई है और पीडीए का दर्द नहीं समझ सकती।अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए के लोगों को सम्मान दिलाने के लिए समाजवादी लोग उन्हें जोड़कर आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केन्द्र और प्रदेश सरकार एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) को समझने में भी पीछे है और इस क्षेत्र में कोई प्रभावी प्रशिक्षण नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर एआई का उपयोग खेती, किसानी और किसानों की भलाई के लिए किया जाएगा, जिससे समय रहते कई समस्याओं का अनुमान लगाया जा सकेगा।
उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह नकारात्मक सोच की पार्टी है और दूसरे नेताओं की छवि खराब करने के लिए धन खर्च करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण एलपीजी सिलेंडर आम लोगों की पहुंच से दूर होता जा रहा है। समाजवादी पार्टी की प्राथमिकता जनता को नकली लोगों और फर्जी एमओयू से सावधान करना है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने पूजनीय शंकराचार्य का अपमान किया और उनके खिलाफ साजिश की, ऐसे षड्यंत्रकारियों से जनता को सावधान रहने की जरूरत है।संसद और विधानसभाओं में महिला आरक्षण के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का स्पष्ट मत है कि महिला आरक्षण लागू किया जाए, लेकिन उसमें पिछड़ी, दलित, अल्पसंख्यक और आदिवासी महिलाओं को भी उनका उचित हक और सम्मान मिलना चाहिए।दादरी में समाजवादी पार्टी की प्रस्तावित रैली को लेकर उन्होंने कहा कि उस क्षेत्र से पार्टी ने कई नेताओं को राज्यसभा और विधान परिषद में भेजा है और आगामी विधानसभा चुनाव में उसी क्षेत्र से सबसे बेहतर परिणाम मिलने की उम्मीद है।वैश्विक संकट और अंतरराष्ट्रीय हालात पर टिप्पणी करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भारत के पास वर्तमान वैश्विक संकट को समाप्त कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का अवसर था, लेकिन सरकार ने वह मौका गंवा दिया। उन्होंने कहा कि जिन दो देशों के बीच युद्ध चल रहा है, उनसे भारत के पुराने व्यापारिक संबंध रहे हैं और भारत की बात पूरी दुनिया में सुनी जाती है, लेकिन भाजपा सरकार के कारण भारत विश्वगुरु बनने का अवसर खो बैठा।
एक प्रश्न के उत्तर में अखिलेश यादव ने रुक्मिणी देवी निषाद को समाजवादी महिला सभा का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने का स्वागत करते हुए कहा कि वह आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करती हैं और लंबे समय से समाजवादी पार्टी के साथ जुड़ी रही हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। समाजवादी सरकार बनने पर फिर से समाजवादी पेंशन शुरू की जाएगी, बेटियों और छात्राओं को लैपटॉप उपलब्ध कराए जाएंगे तथा गरीब परिवार की महिलाओं के लिए महिला समृद्धि सम्मान योजना के तहत हर वर्ष 40 हजार रुपये देकर सम्मानित किया जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

