० पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण, युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का संदेश
दंतेवाड़ा, 26 मार्च (आरएनएस)। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने गुरुवार को दंतेवाड़ा स्थित पुनर्वास केंद्र का दौरा कर वहां रह रहे युवाओं से मुलाकात की और उनकी प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने युवाओं को इलेक्ट्रिकल टूल किट और वेलकम किट वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया।
नवरात्रि के समापन अवसर पर उन्होंने पहले माँ दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की, इसके बाद पुनर्वास केंद्र पहुंचकर प्रशिक्षण ले रहे युवाओं से संवाद किया।
युवाओं ने बताया कि वे प्रशिक्षण के बाद अपने गांव लौटकर खेती-किसानी करना चाहते हैं। इस पर उपमुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि इच्छुक युवाओं को कृषि प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने कहा कि सरकार की पुनर्वास नीति का उद्देश्य युवाओं को मुख्यधारा से जोड़कर सम्मानजनक जीवन प्रदान करना है।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अन्य लोगों को भी पुनर्वास के लिए प्रेरित करें। साथ ही केंद्र की सुविधाओं, भोजन व्यवस्था और प्रशिक्षण गतिविधियों की समीक्षा भी की। युवाओं की मांग पर उन्हें स्वयं भोजन बनाने की अनुमति भी दी गई।
उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी युवाओं को ड्राइविंग प्रशिक्षण दिया जाए और केंद्र से बाहर जाने से पहले उनका ड्राइविंग लाइसेंस भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनके परिचित या परिजन जेल में हैं, तो वे उन्हें भी पुनर्वास के लिए प्रेरित कर सकते हैं—सरकार हर संभव मदद के लिए तैयार है।
केंद्र में फिलहाल 107 युवा प्रशिक्षण ले रहे हैं, जिनमें बीजापुर और दंतेवाड़ा के युवक शामिल हैं। यहां इलेक्ट्रिकल, वेल्डिंग, प्लंबिंग, सिलाई और ड्राइविंग जैसे कौशल सिखाए जा रहे हैं। अब तक कई युवाओं को रोजगार भी मिल चुका है और बड़ी संख्या में सिलाई मशीनें वितरित की गई हैं।
दौरे के दौरान उपमुख्यमंत्री ने सीआरपीएफ के जवानों से भी मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि सुरक्षाबलों के साहस के कारण अब बस्तर क्षेत्र में हालात सामान्य हो रहे हैं और लोग बिना डर के यात्रा कर पा रहे हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि पहले संवेदनशील माने जाने वाले मार्ग अब सुरक्षित हो चुके हैं, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है और स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

