बिलासपुर 26 मार्च (आरएनएस) रेलवे स्टेशन पर चार्जिंग में लगे मोबाइल पर नजर गड़ाए बैठे चोर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। तोरवा पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का मोबाइल बरामद किया गया।बिलासपुर रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों को निशाना बनाकर मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी चार्जिंग पॉइंट पर लगे मोबाइल को चुराकर फरार हो जाता था।मामला 25 मार्च 2026 का है, जब प्रार्थी आनंद कुमार सलाम ने स्टेशन पर अपना मोबाइल चार्जिंग में लगाया था। कुछ देर बाद मोबाइल गायब हो गया। शिकायत मिलने पर थाना तोरवा में अपराध क्रमांक 171/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।तोरवा पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए संदिग्ध की पहचान की। संदेह के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसने अपना नाम मनोहर उर्फ कछुवा उर्फ छोटू विश्वकर्मा (31 वर्ष), निवासी चुचुहियापारा, थाना सिरगिट्टी, बिलासपुर बताया।तलाशी के दौरान आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन—वन प्लस और वीआई कंपनी—बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत करीब 20 हजार रुपये आंकी गई। आरोपी के पास मोबाइल से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया।पुलिस ने आरोपी को 26 मार्च 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

