मुंगेली,26 मार्च (आरएनएस)। मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र के भारतपुर जंगल में महुआ बीनने गए दो ग्रामीणों पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। ओस हमले में दोनों ग्रामीण घायल हो गए है जिनमे एक की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, चेचानडीह गांव निवासी गेंदराम और बिसाहू यादव सोमवार सुबह महुआ बीनने जंगल गए थे। इसी दौरान झाडिय़ों से निकलकर एक भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और लहूलुहान हालत में जमीन पर गिर पड़े।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गेंदराम की हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल मुंगेली रेफर किया गया। वहीं बिसाहू यादव को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
वन विभाग के लोरमी अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को शासन के नियमानुसार सहायता राशि प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
अधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल में अकेले न जाएं, समूह में ही महुआ बीनने जाएं और जंगली जानवरों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। उन्होंने कहा कि इस मौसम में भालू जैसे जंगली जानवर अधिक सक्रिय और आक्रामक हो जाते हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, महुआ के पेड़ों के आसपास भालू अक्सर देखा जाता है, जिससे इस तरह की घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने की बात कही है।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं वन विभाग ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जंगल में पेट्रोलिंग बढ़ाने की योजना बनाई है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

