लोरमी/मुंगेली, 26 मार्च (आरएनएस)। महुआ सीजन शुरू होते ही जंगलों में ग्रामीणों की आवाजाही बढ़ गई है, लेकिन इसके साथ जंगली जानवरों के हमलों का खतरा भी बढ़ गया है। ऐसा ही एक मामला मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र से सामने आया है, जहां महुआ बीनने गए दो ग्रामीणों पर भालू ने हमला कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, चेचानडीह गांव के निवासी गेंदराम और बिसाहू यादव सुबह भारतपुर जंगल में महुआ इक_ा करने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक भालू ने दोनों पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद दोनों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गेंदराम की हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल मुंगेली रेफर किया गया। वहीं बिसाहू यादव को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम अस्पताल पहुंची और शासन के प्रावधानों के तहत सहायता प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे जंगल में अकेले न जाएं और पूरी सावधानी बरतें।
अधिकारियों के अनुसार, महुआ सीजन के दौरान भालू अधिक सक्रिय और आक्रामक हो जाते हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं बढ़ जाती हैं। स्थानीय लोगों ने भी बताया कि भालू अक्सर महुआ के पेड़ों के आसपास ही रहते हैं, जिससे आमना-सामना होने की संभावना अधिक रहती है।
घटना के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी और गश्त बढ़ा दी है। साथ ही ग्रामीणों को समूह में जंगल जाने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत विभाग या पुलिस को सूचना देने की सलाह दी गई है।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं प्रशासन ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

