काशीपुर,26 मार्च (आरएनएस)। एसडीएम ने बुधवार को अनियमितताएं मिलने पर भारत और इंडेन गैस एजेंसियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही उपभोक्ताओं से ऑनलाइन गैस बुकिंग करने की अपील की है। बुधवार को डीएम के निर्देश पर एसडीएम राहुल शाह, तहसीलदार दलीप सिंह और पूर्ति निरीक्षक ने भारत और इंडेन गैस एजेंसियों के गैस गोदामों का आकस्मिक निरीक्षण किया। टीम को गोदाम परिसर में ही गैस सिलेंडरों का वितरण और रिफिलिंग कार्य होते मिला, जो निर्धारित नियमों और डीएम के आदेशों के विपरीत था। इस पर एसडीएम ने एजेंसी कर्मियों को फटकार लगाई और दोनों गैस एजेंसियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिया कि गैस सिलेंडरों की आपूर्ति केवल होम डिलीवरी के माध्यम से ही की जाए। साथ ही गैस वितरण का दैनिक रोस्टर कार्यालय में स्पष्ट रूप से प्रदर्शित कर उपभोक्ताओं के साथ साझा किया जाए। एसडीएम राहुल शाह ने बताया कि निरीक्षण में दोनों एजेंसियों के पास गैस की पर्याप्त उपलब्धता मिली है। उपभोक्ताओं की सुविधा और पारदर्शिता सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। नियमों के उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि गैस सिलेंडर की बुकिंग ऑनलाइन या टोल-फ्री नंबर के माध्यम से ही करें। बुकिंग के बाद निर्धारित समयावधि में गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी की जाएगी। गैस गोदाम या एजेंसी कार्यालय पर भीड़ एकत्रित न करें।
Login
What's Hot
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

