देहरादून,26 मार्च (आरएनएस)। गढ़ी कैंट कोतवाली क्षेत्र स्थित रिसॉर्ट में शादी समारोह में शामिल होने आए दिल्ली के अफसर की पत्नी के सोने के दो कंगन चोरी हो गए। बंद कमरे से हुई इस चोरी के मामले में कैंट कोतवाली पुलिस ने बुधवार को मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर कैंट केके लुंठी ने बताया कि नई दिल्ली के किदवई नगर पूर्व निवासी संजय त्यागी भारत सरकार के कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय में वरिष्ठ लेखा अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि वह अपने परिवार के साथ 10 और 11 मार्च को देहरादून के पुनर्नवा वैलनेस रिसॉर्ट में एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए रुके थे। उन्हें रिसॉर्ट में कमरा नंबर 6011 और 6015 आवंटित किए गए थे। इस दौरान उनकी पत्नी ने अपनी सोने की दो चूडिय़ां उतारकर कमरे में रख दी थीं। शादी समारोह में शामिल होने के लिए जब भी वे बाहर जाते, तो कमरे को ठीक से लॉक करके जाते थे। 12 मार्च को जब वे कमरा छोड़कर वापस लौटने लगे तो सामान समेटते वक्त चूडिय़ां नहीं मिली। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना रिसॉर्ट प्रबंधन और पुलिस को दी। शुरुआती जांच के बाद कैंट कोतवाली पुलिस ने बुधवार को इस मामले में चोरी का केस दर्ज किया है। पुलिस रिसॉर्ट के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और घटना के समय वहां तैनात कर्मचारियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

