देहरादून,26 मार्च (आरएनएस)। संयुक्त नागरिक संगठन ने प्रदेश में पिछले 12 वर्षों से रिक्त पड़े लोकायुक्त के पद पर तत्काल नियुक्ति की मांग की है। संगठन के महासचिव सुशील त्यागी ने राज्यपाल, मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को भेजे ज्ञापन में कहा कि लोकायुक्त न होने से भ्रष्टाचार के 1000 से अधिक मामले लंबित हैं। संगठन ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि खाली कार्यालय पर अब तक जनता के 20 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं, जो जनधन की बर्बादी है। सर्वोच्च और उच्च न्यायालय के निर्देशों के बावजूद नियुक्ति न होना दुखद है। संगठन ने सरकार से ‘भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखंड’ के संकल्प को धरातल पर लाने के लिए फाइलों में दबी इस प्रक्रिया को त्वरित पूरा करने की अपील की है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

