देहरादून,26 मार्च (आरएनएस)। मसूरी प्रेस क्लब का वार्षिक स्मारिका लोकार्पण एवं सम्मान समारोह पूरे उत्साह के साथ संपन्न हो गया। इस मौके पर शहर की पांच विभूतियों को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी प्रेस क्लब को प्रेस क्लब विस्तार, साज सज्जा एवं इलेक्ट्रानिक उपकरणों के लिए 11 लाख रुपये विधायक निधि से देने की घोषणा की। नगर पालिका सभागार में मसूरी प्रेस क्लब वार्षिक स्मारिका लोकार्पण एवं सम्मान समारोह का बतौर मुख्य अतिथि मंत्री गणेश जोशी, विशिष्ट अतिथि पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी, पूर्व डीजीपी अनिल रतूड़ी, मसूरी प्रेस क्लब अध्यक्ष सुनील सिलवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में आये अतिथियों का शूरवीर भंडारी ने स्वागत किया। इस मौके पर प्रशासनिक सेवाओं व साहित्य सर्जन के लिए पूर्व डीजीपी उत्तराखंड अनिल रतूड़ी, लोक संस्कृति के संवर्धन व बढ़ावा देने के लिए झुमैलो ग्रुप की प्रमिला नेगी, युवा लेखन के लिए गौरी व चिकित्सा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए डा. खजान सिंह चौहान को गुलदस्ता, स्मृति चिन्ह, शॉल व प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि पत्रकारिता समाज का दर्पण होता है, व मसूरी के पत्रकार वास्तव में अपनी लेखनी के माध्यम से अलग पहचान बनाये हुए है। उन्होंने कहा कि पत्रकार अपनी कलम के दम पर सरकार बनाने व गिराने की सामर्थ रखते हैं। निष्पक्ष लिखकर सरकार की कमियों को उजागर करते हैं। इस मौके पर उन्होंने मसूरी प्रेस क्लब को क्लब विस्तार के लिए 11 लाख रूपये देने की घोषणा की। विशिष्ट अतिथि पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि पत्रकार अपनी लेखनी से समाज को जगाने, सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में निष्पक्ष होकर कार्य करता है। कार्यक्रम को पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, पूर्व डीजीपी अनिल रतूडी, नेहा जोशी, उत्तराचंल प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा ने भी संबोधित किया। इस मौके पूर्व मुख्य सचिव उत्तराखंड शासन राधा रतूड़ी, भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, पर भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

