सिमगा,26 मार्च (आरएनएस) खण्डवा मोड़ सिमगा में दिनदहाड़े मोटरसाइकिल लूटने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। वारदात के बाद फरार हुए आरोपियों को सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर दबोचा गया, वहीं लूटी गई बाइक भी बरामद कर ली गई।
घटना 5 मार्च 2026 की है, जब प्रार्थी अपने दोस्त की मोटरसाइकिल लेकर खण्डवा मोड़ की ओर गया था। इसी दौरान चार अज्ञात युवकों ने उसे रोककर उसकी मोटरसाइकिल लूट ली और मौके से फरार हो गए। मामले में 7 मार्च को थाना सिमगा में अपराध क्रमांक 101/2026 धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और लगातार संदिग्धों की तलाश में जुटी रही। विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उन्होंने लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में बॉबी गेण्डरे (24 वर्ष), मिथलेश धृतलहरे (19 वर्ष), विकास गेण्डरे (18 वर्ष), सभी निवासी ग्राम खण्डवा, थाना सिमगा और आकाश ध्रुव (18 वर्ष), निवासी भूमिया सांकरा, थाना तिल्दा नेवरा शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है, साथ ही घटना में इस्तेमाल एक अन्य बाइक भी जब्त की गई है।सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।

