बिलासपुर 26 मार्च (आरएनएस) चैन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देकर फरार हुए शातिर आरोपियों को पुलिस ने हाईटेक जांच के जरिए गिरफ्तार कर लिया। 300 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई और लूट का पूरा माल भी बरामद कर लिया।
घटना 23 मार्च 2026 की रात करीब 10 बजे की है, जब वैष्णवी विहार मंगला निवासी शोभना भाण्डेकर अपने भाई के साथ स्कूटी से घर लौट रही थीं। रास्ते में स्कूटी पंचर होने के कारण वे धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान पल्लव भवन के पास एक युवक ने रॉन्ग साइड से आकर उनके गले से करीब 1 लाख 10 हजार रुपये कीमत की सोने की चैन और लॉकेट झपटकर अपने साथी के साथ फरार हो गया।
मामले में थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 395/2026 के तहत धारा 304(2), 3(5) बीएनएस दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में एसीसीयू और सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई।
जांच के दौरान पुलिस ने शहर भर के 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की पहचान की। साइबर सेल की मदद से लोकेशन ट्रैक कर आरोपियों को देवरीखुर्द और तारबाहर क्षेत्र से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में शेख सलमान (27 वर्ष), निवासी तारबाहर और आकाश उर्फ आशु नायक (23 वर्ष), निवासी देवरीखुर्द शामिल हैं। पूछताछ में दोनों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया और बताया कि उन्होंने पहले से ही पीड़िता को टारगेट कर पूरी योजना बनाई थी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और ऑटो, नगद 5000 रुपये बरामद किए हैं। साथ ही लूटी गई सोने की चैन और लॉकेट को आईआईएफएल गोल्ड लोन कंपनी में गिरवी रखकर 80 हजार रुपये लेने की बात सामने आई, जिसे भी पुलिस ने बरामद कर लिया। कुल मिलाकर लूट का शत-प्रतिशत माल रिकवर किया गया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड भेजा गया।

