बिलासपुर 27 मार्च (आरएनएस) तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुंआ में 25 मार्च 2026 को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना अनुमति और तय मानकों से अधिक आवाज में डीजे बजा रहे संचालक के खिलाफ सख्त कदम उठाया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने वाहन क्रमांक CG 10 AR 8856 में लगे भारी साउंड सिस्टम को जब्त करते हुए कोलाहल नियंत्रण अधिनियम 1985 की धारा 15 के तहत कार्रवाई दर्ज की।
कार्रवाई के दौरान आरोपी ज्ञान प्रकाश कैवर्त (22 वर्ष), निवासी ग्राम मोढे थाना तखतपुर जिला बिलासपुर को नियमों का उल्लंघन करते हुए पकड़ा गया। आरोपी बिना किसी वैध अनुमति और दस्तावेज के सार्वजनिक स्थान पर तेज आवाज में डीजे संचालित कर रहा था, जिससे आसपास के लोगों को भारी परेशानी हो रही थी।
पुलिस ने मौके से 4 बेस बॉक्स, 2 टॉप बॉक्स, 2 हाईस ट्यूटर, 2 एम्पलीफायर और 2 पार लाइट जब्त किए। यह पूरा साउंड सिस्टम अत्यधिक डेसिबल पर चलाया जा रहा था, जो निर्धारित मानकों के खिलाफ पाया गया।
जानकारी के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देश पर जिले में तेज आवाज में डीजे और लाउडस्पीकर चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नुपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विवेक कुमार पांडेय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

