बिलासपुर 27 मार्च (आरएनएस)थाना तारबाहर क्षेत्र में 26 मार्च 2026 की रात करीब 10:30 बजे पुराना बस स्टैंड के पास शराब के लिए पैसे नहीं मिलने पर एक युवक पर नुकीले हथियार से हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। घटना शारदा होटल के सामने हुई, जहां आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और युवक के गले, पेट और हाथों पर हमला कर दिया।
गिरफ्तार आरोपी भुनेश्वर पटेल उर्फ भन्ना (35 वर्ष) निवासी बरखदान नहर किनारे देवरीखुर्द, थाना तोरवा, जिला बिलासपुर है। आरोपी ने प्रार्थी के भाई जैकी छाबड़ा से शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे। मना करने पर आरोपी ने आपा खो दिया और हमला कर दिया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया नुकीला हथियार, जो थर्मोकोल काटने वाला प्लास्टिक कवर लगा ब्लेड है, विधिवत जब्त किया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल टीम गठित कर रेड कार्रवाई की गई और आरोपी को दबोच लिया गया।
मामले में थाना तारबाहर में धारा 296, 351(3), 115(2), 119(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र अनंत के नेतृत्व में टीम ने तेजी दिखाते हुए आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।


