सिरसा 27 मार्च (आरएनएस)। भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं जिला प्रवक्ता डा. गंगा सागर केहरवाला ने एक प्रेस बयान में वर्तमान में पैदा हो रही परिस्थितियों को लेकर कहा कि आमजन घबराएं नहीं और विवेक से काम लें। केंद्र व राज्य सरकार जनता की समस्याओं को देखते हुए गंभीरता से इस दिशा में काम कर रही है। जारी बयान में केहरवाला ने कहा कि आमजन अफवाहों पर कतई ध्यान न दें और सरकार द्वारा जनहित में जारी की गई हिदायतों का पालन करें, जिससे कि स्थिति को कष्टदायक होने से रोका जा सके। उन्होंने कहा कि भारत में बड़ी मात्रा में कच्चा तेल, गैस और फर्टिलाइजर जैसी अनेक जरूरी चीजें होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते आती हैं। युद्ध के बाद से ही होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों का आना-जाना बहुत चुनौतीपूर्ण हो गया है। बावजूद इसके सरकार का ये प्रयास रहा है कि पेट्रोल-डीजल और गैस की सप्लाई बहुत ज्यादा प्रभावित न हो। उन्होंने गैस व पेट्रोल-डीजल की अल्पता व कीमतों को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों को लेकर कहा कि देश में गैस व पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक है। आमजन थोड़ा सतर्कता से काम लें और जरूरत के मुताबिक ही इन चीजों का इस्तेमाल करें और घरों में स्टॉक न करें। डा. केहरवाला ने कहा कि इस संघर्ष का प्रभाव लंबे समय तक बने रहने की आशंका है, इसलिए अभी से हमें सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कोविड के दौरान भी सप्लाई चेन में संकट पैदा हुआ था और देश ने एकजुटता से उसका मुकाबला किया। इस जंग से पूरे विश्व की अर्थव्यवस्था पर और लोगों के जीवन पर असर पड़ रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे स्थिति को सामान्य बनाने में अपना पूर्ण सहयोग दें, ताकि विपदा की इस घड़ी से निपटा जा सके।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

