सिरसा 27 मार्च (आरएनएस)। सीएमके नेशनल स्नातकोत्तर महाविद्यालय के गृह विज्ञान विभाग द्वारा पावन पर्व नवरात्रि के अवसर पर महाविद्यालय प्राचार्या श्रीमती अंशु उप्पल की अध्यक्षता में एक आकर्षक एवं रचनात्मक कुकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पारंपरिक भारतीय व्यंजनों के प्रति रुचि बढ़ाना तथा उनके पाक-कौशल को निखारना रहा। गृह विज्ञान विभाग की अध्यक्षा डॉ. अनु कथूरिया ने इस प्रतियोगिता का सफल संचालन करते हुए विद्यार्थियों को स्वच्छता, पोषण एवं प्रस्तुति के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साह के साथ भाग लेते हुए व्रत के दौरान बनाए जाने वाले विभिन्न स्वादिष्ट एवं पौष्टिक व्यंजन तैयार किए। यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों की रचनात्मकता और कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन बनकर उभरी। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और लगन के साथ व्रत के अनुकूल व्यंजन तैयार किए। साबूदाना खिचड़ी को अलग-अलग शैली में प्रस्तुत किया गया, जिसमें कहीं मूंगफली और हरी मिर्च का संतुलित उपयोग देखने को मिला तो कहीं उसे आकर्षक गार्निशिंग के साथ परोसा गया। इसी प्रकार कटलेट को भी विभिन्न आकारों और सजावटी तरीकों से प्रस्तुत कर विद्यार्थियों ने अपनी नवाचार क्षमता का परिचय दिया। कुछ विद्यार्थियों ने फलाहारी चटनी और दही के साथ व्यंजनों को परोसकर उनके स्वाद और पौष्टिकता को और बढ़ाया। निर्णायकों ने स्वाद, पोषण, स्वच्छता, रचनात्मकता और प्रस्तुति के आधार पर व्यंजनों का मूल्यांकन किया, जिससे प्रतियोगिता का स्तर अत्यंत प्रभावशाली रहा। प्राचार्या श्रीमती अंशु उप्पल ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और टीम वर्क की भावना विकसित होती है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि पारंपरिक भारतीय व्यंजनों को आधुनिक प्रस्तुति के साथ जोडऩा आज के समय की आवश्यकता है, जिससे हमारी सांस्कृतिक विरासत भी सुरक्षित रहती है और नई पीढ़ी उससे जुड़ी रहती है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने दैनिक जीवन में स्वस्थ एवं संतुलित आहार को अपनाएं और अपने पाक-कौशल को एक उपयोगी जीवन-कौशल के रूप में विकसित करें। कार्यक्रम के सफल आयोजन में लैब अटेंडेंट श्रीमती निशा सेतिया का विशेष सहयोग रहा। प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

