रौनक कुमार शंकर
पश्चिम मेदिनीपुर 27 मार्च (आरएनएस)। रामनवमी के पावन अवसर पर पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खडग़पुर में उत्सव का माहौल देखने को मिला। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी दिलीप घोष ने लाठी खेल में हिस्सा लेकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। शाम होते ही खडग़पुर के इंदा इलाके में एक अखाड़े की पहल पर भव्य रामनवमी शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा में शामिल होकर दिलीप घोष ने दोनों हाथों में लाठी लेकर शानदार और दक्ष प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। इसके बाद वे कौशल्या इलाके में पहुंचे, जहां एक बार फिर उन्हें लाठी खेल में भाग लेते देखा गया। लगातार प्रदर्शन के बाद उन्होंने कुछ देर विश्राम किया और चाय पीकर खुद को तरोताजा किया। इसके पश्चात दिलीप घोष ने रामनवमी के अवसर पर आयोजित विभिन्न अखाड़ों और कार्यक्रमों में शिरकत की और पूरे उत्सव के माहौल में सक्रिय रूप से शामिल रहे। रामनवमी के इस आयोजन में पारंपरिक खेल, शोभायात्राएं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे खडग़पुर को भक्तिमय और उत्साहपूर्ण माहौल में रंग दिया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

