बिलासपुर, २७ मार्च (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिला न्यायालय को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सनसनी फैल गई है। लगातार तीसरी बार मिले धमकी भरे ईमेल के बाद पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गए हैं।
सूचना मिलते ही बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची और पूरे कोर्ट परिसर की गहन तलाशी शुरू की गई। न्यायालय के अंदर और बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। हर आने-जाने वाले व्यक्ति पर विशेष नजर रखी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद तत्काल सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। साइबर टीम को भी अलर्ट कर दिया गया है, जो मेल भेजने वाले की पहचान में जुटी हुई है।
लगातार तीसरी बार मिली इस धमकी से सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। हालांकि अब तक जांच में किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वस्तु की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। फिलहाल पूरे न्यायालय परिसर में हाई अलर्ट जारी है और मामले की जांच जारी है।
0

