प्रयागराज 27 मार्च (आरएनएस)। मांडा थाना क्षेत्र में एक महिला से दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। पीडि़ता ने पुलिस पर एफआईआर दर्ज न करने का आरोप लगाया है, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि यह घटना बीती 22 मार्च को दोपहर मांडा के एक गांव में हुई। पीडि़ता घास काटने के लिए खेत में गई थीं, तभी गांव का एक व्यक्ति अपने दो साथियों के साथ बाइक पर वहां पहुंचा। मुख्य आरोपी ने महिला का मुंह दबाकर उन्हें जमीन पर पटक दिया और उनके साथ अश्लील हरकतें करने लगा।
महिला ने किसी तरह खुद को बचाया। उसी दौरान गांव की कुछ अन्य लड़कियां भी मौके पर पहुंच गईं, जिससे आरोपी वहां से भाग गए। पीडि़ता ने बताया कि आरोपी कई दिनों से उनका पीछा कर रहा था। भागते समय आरोपी ने महिला को धमकी दी कि यदि उन्होंने पुलिस में शिकायत की तो वह उनके परिवार को झूठे मुकदमे में फंसा देगा और जान से मार देगा।
पीडि़ता ने पुलिस पर एफआईआर दर्ज न करने और थाने के एक दरोगा पर दबाव बनाने का आरोप लगाया है। शुक्रवार सुबह सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में पीडि़ता अपनी आपबीती बताते हुए न्याय और कार्रवाई की गुहार लगा रही हैं। मेजा एसीपी एस पी उपाध्याय ने बताया कि पीडि़ता की तहरीर पर जांच कराई जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

