0 किसी की ट्रेन तो किसी की छूटेगी फ्लाइट,मरीज भगवान भरोसे
= केशव सल्होत्रा रीजनल हैड बस्तर =
जगदलपुर/ केशकाल, 27 मार्च (आरएनएस)। बस्तर की लाइफ लाइन आए दिन बंद हो रही है। आज शुक्रवार की सुबह से ही इस लाइफ लाइन पर तगड़ा ब्रेक लग गया है। यानी केशकालघाट सुबह से ही जाम है। घाट के दोनों और बड़े छोटे सैंकड़ों वाहनों की कतारें लगी हुई हैं। पूरी व्यवस्था भगवान भरोसे है। जाम कब खुलेगा और आवागमन कब सुचारू होगा इसका कोई अता-पता नहीं है। सबसे बड़ी बात यह है कि संभाग मुख्यालय बस्तर समेत आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र एवं अन्य स्थानों से आने जाने वाले वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं। जिसमें कई लोग उपचार के लिए भी रायपुर एवं अन्य स्थानों पर जाते हैं। जाम इतना तगड़ा है कि इसमें दो पहिया वाहन निकालने में भी मशक्कत करनी पड़ रही है। ऐसी स्थिति में कई लोगों की रायपुर से ट्रेन और फ्लाइट छूट सकती है। मरीज तो भगवान भरोसे है।
आखिर कब और कैसे मिलेगी राहत लोगों को
केशकाल में रोड का काम अभी पूरा नहीं हुआ है। वहीं बरसों से यहां दावे तो किया जा रहे हैं लेकिन बाईपास का काम कब होगा इसे बताने वाला कोई नहीं है। इससे यह तो साफ हो गया है कि आखिर कब और कैसे लोगों को राहत मिलेगी। 26 साल पहले राज्य गठन के बाद इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारू करने के लिए बहुत सी बातें हुई लेकिन स्थिति आज भी जस की तस है।
बाक्स
जिला प्रशासन भी कुछ नहीं कर पा रहा
इस मार्ग पर यातायात का इतना ज्यादा दबाव है कि इस के सामने प्रशासन भी कुछ नहीं कर पा रहा है। हर दिन लोगों को यहां घंटों परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घाट में फंसे लोगों ने आरएनएस को बताया कि आम आदमी आखिर कहां जाए। नेताओं के लिए हेलीकॉप्टर से लेकर रोड क्लीयरेंस की सुविधा उपलब्ध हो जाती है। इसके चलते उन्हें इस तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। आम आदमी के भाग्य में जाम अब आम हो गया है।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

