कांकेर 27 मार्च (आरएनएस)उत्तर बस्तर कांकेर जिले के पखांजूर थाना क्षेत्र में रामनवमी के दिन 26 मार्च 2026 को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गौ तस्करी करते 3 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया और 3 मवेशियों सहित एक छोटा हाथी वाहन जब्त कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देश पर विशेष टीम बनाकर की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में नरेश अरुण मराठे (29 वर्ष), सुशील लक्ष्मण पेंदाम (23 वर्ष) और विनोद शरद मेश्राम (35 वर्ष) शामिल हैं, जो सभी महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे मवेशियों को महाराष्ट्र के रास्ते तेलंगाना के बूचड़खाने ले जा रहे थे।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक छोटा हाथी वाहन में गौ तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण केवट के नेतृत्व में टीम ने तत्काल घेराबंदी कर वाहन क्रमांक MH 33 T 6556 को रोका। जांच में पाया गया कि वाहन में 3 गौवंश को क्रूरता पूर्वक बांधकर ले जाया जा रहा था, जिसके बाद मौके पर ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
मौके से 3 नग मवेशी और एक छोटा हाथी वाहन जब्त किया गया। आरोपियों के खिलाफ कृषक पशु संरक्षण अधिनियम 2011 की धारा 4, 6, 10, पशु क्रूरता अधिनियम 1960 की धारा 11(1) घ तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक लक्ष्मण केवट, एएसआई पुरूषोत्तम ठाकुर, प्रधान आरक्षक रविन्द्र ठाकुर और भुवन देहारी सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें, जिससे अपराध पर लगाम लगाई जा सके और समाज में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो।

