कबीरधाम, 28 मार्च (आरएनएस)। जिला कबीरधाम में नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को अहम सफलता मिली है। एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि पीडि़ता को सकुशल बरामद किया गया।
मामला 1 मार्च 2026 का है, जब एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि एक युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। इस पर रणबीरपुर चौकी, थाना लोहारा में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। जांच के दौरान पुलिस ने नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी दुर्गेश खूंटे उर्फ बल्ला, निवासी महाराजपुर, ने नाबालिग को अपने साथ ले जाकर अवैध रूप से विवाह किया और उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट के तहत भी अपराध जोड़ा।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस पूरी कार्रवाई में रणबीरपुर चौकी (थाना लोहारा) की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

