रायपुर,28 मार्च (आरएनएस)। राजधानी रायपुर में ब्राउन शुगर तस्करी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार था और दूसरे राज्य में छिपकर रह रहा था।पुलिस को पूर्व में मुखबिर से सूचना मिली थी कि न्यू राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र स्थित अमलीडीह के वरुण अपार्टमेंट में कुछ युवक अवैध रूप से ब्राउन शुगर रखकर उसकी बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया था।कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 11.560 ग्राम ब्राउन शुगर (कीमत लगभग 83 हजार रुपए), 4 मोबाइल फोन (कीमत 60 हजार रुपए) और 20 हजार रुपए नगद जब्त किए गए थे। सभी आरोपियों को 25 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।इस मामले में दो आरोपी—चंदन ठाकुर और ऋषभ—फरार चल रहे थे। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर फरार आरोपियों की तलाश तेज की गई। इसी दौरान सूचना मिली कि चंदन ठाकुर नागपुर में छिपा हुआ है।पुलिस टीम ने नागपुर पहुंचकर आरोपी के ठिकाने पर दबिश दी और उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।फिलहाल पुलिस दूसरे फरार आरोपी ऋषभ की तलाश में जुटी हुई है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

