कांकेर, 28 मार्च (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र से एक अहम खबर सामने आई है, जहां तीन माओवादियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। यह घटना परतापुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
आत्मसमर्पण करने वालों की पहचान संगीता कुंजाम, संजू और लखमू के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, तीनों बिना किसी हथियार के थाने पहुंचे और औपचारिक प्रक्रिया पूरी करते हुए खुद को पुलिस के हवाले कर दिया।
सरेंडर के बाद पुलिस ने तीनों से पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि संगठन से जुड़े अन्य पहलुओं और गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा सके। हालांकि, इस मामले में अब तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
सूत्रों का कहना है कि क्षेत्र में सुरक्षा बलों द्वारा लगातार चलाए जा रहे अभियान और सरकार की पुनर्वास नीति के कारण माओवादी संगठनों पर दबाव बढ़ रहा है। इसी के चलते कई सदस्य हिंसा का रास्ता छोड़कर सामान्य जीवन अपनाने की ओर कदम बढ़ा रहे हैं।
पुलिस और प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है और आने वाले समय में इस संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

