कोरबा 29 मार्च (आरएनएस)। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा अभियान” के तहत कोरबा पुलिस ने एक बार फिर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए आमजन में भय फैलाने वाले तत्वों पर शिकंजा कसा है।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के सीतामणी स्टेशन रोड का है, जहां कुछ युवक चलती मोटरसाइकिल पर चाकू लहराते हुए लोगों को डराते हुए नजर आए थे। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया था और लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई थी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया। पूछताछ में सभी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। जांच में कुल 6 लोगों की संलिप्तता सामने आई, जिनमें 27 वर्षीय राहुल यादव (निवासी कुंजनगर) को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 5 विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 6.5 इंच लंबा धारदार चाकू और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है। मामले में आम्र्स एक्ट और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।
कोरबा पुलिस का कहना है कि इस तरह की हरकतें किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। अभियान के तहत आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि शहर में शांति और सुरक्षा का माहौल बना रहे।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

