-नशा तस्करों एवं अपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के धर पकड़ करना ही मुख्य उद्देश्य :- एसपी
सिरसा 29 मार्च (आरएनएस)। पुलिस महानिदेशक हरियाणा के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के नेतृत्व में सिरसा पुलिस द्वारा शनिवार रात्रि को जिला भर में व्यापक स्तर पर नाइट डोमिनेशन अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान का उद्देश्य जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना तथा अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना रहा।अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने नाकों पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि जिले के भीतर तथा बाहरी क्षेत्रों से आने-जाने वाले सभी वाहनों एवं व्यक्तियों की गहनता से जांच की जाए। साथ ही, संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले की सीमाओं से लगे पंजाब एवं राजस्थान राज्यों की सीमाओं पर स्थापित नाकों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। इन सीमावर्ती क्षेत्रों में आवागमन करने वाले वाहनों की सघन चेकिंग सुनिश्चित की गई, ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को समय रहते रोका जा सके। उन्होंने पुलिस बल को निर्देश दिया कि वे पूरी मुस्तैदी एवं जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें।इस नाइट डोमिनेशन अभियान में जिला के सभी डीएसपी, एसएचओ, चौकी प्रभारी सहित भारी संख्या में पुलिस बल ने सक्रिय भागीदारी निभाई। विभिन्न स्थानों पर नाके लगाकर वाहनों की जांच की गई तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान करीब 20 वाहनों के चालान भी किए गए।पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि इस प्रकार के अभियान भविष्य में जारी रहेंगे, ताकि अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और आमजन में सुरक्षा की भावना को और मजबूत किया जा सके। उन्होंने कहा कि सिरसा पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्णत: प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे पुलिस का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

