कोंडागांव,29 मार्च (आरएनएस)। कलेक्टर एवं मिशन संचालक (समग्र शिक्षा) कोंडागांव के निर्देशानुसार प्राथमिक स्तर के 100 बच्चों को बस्तर संभाग के जगदलपुर, एयरपोर्ट, नगरनार स्टील प्लांट, मेडिकल कॉलेज एवं चित्रकोट जलप्रपात के शैक्षणिक भ्रमण हेतु तथा जिले के ग्रामीण क्षेत्र के 10 बच्चों को अंतर्राज्यीय भ्रमण के तहत आंध्रप्रदेश के विशाखापत्तनम के लिए कलेक्टर परिसर से रवाना किया गया।कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल एवं उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी द्वारा हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया गया। इस अवसर पर डीएमसी ईमल बघेल एवं एपीसी निवास नायडू भी उपस्थित रहे।अंतर्राज्यीय भ्रमण दल का मार्गदर्शन नोडल बीआरसी केशकाल बलराम नाग द्वारा किया जाएगा, वहीं संभाग स्तरीय शैक्षणिक भ्रमण दल का मार्गदर्शन नोडल हेमवती ठाकुर एवं सरिता मंडावी करेंगी, जो बच्चों को बस्तर संभाग के चिन्हांकित स्थलों का भ्रमण कराएंगी।इस अवसर पर ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। शासन की इस योजना के अंतर्गत बच्चे शैक्षणिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कर व्यावहारिक ज्ञान अर्जित करेंगे, जो उनके भविष्य के लिए उपयोगी सिद्ध होगा। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने सभी बच्चों को अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

