00प्रेस क्लब में जली डिजिटल मशाल
000 स्वर्गीय रमेश नैयर स्मृति कैरम प्रतियोगिता की शुरुआत
रायपुर,7 प्रेस क्लब द्वारा आयोजित खेल मड़ाई 2026 के अंतर्गत इनडोर गेम प्रतियोगिताओं का आज गरिमामय वातावरण में विधिवत शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर शहर के वरिष्ठ पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य अतिथियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
खेल मड़ाई के अंतर्गत आयोजित सभी प्रतियोगिताएं दिवंगत वरिष्ठ पत्रकारों की स्मृति को समर्पित हैं। इसके तहत स्वर्गीय रमेश नैयर स्मृति कैरम प्रतियोगिता, स्वर्गीय सत्येंद्र गुमाश्ता स्मृति टेबल टेनिस प्रतियोगिता, स्वर्गीय योगेश यदु स्मृति शतरंज प्रतियोगिता एवं स्वर्गीय देवेंद्र कर स्मृति बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित की जा रही हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ नीति आयोग के उपाध्यक्ष जी.एस. मिश्रा, सूचना आयोग के आयुक्त शिरीष मिश्रा एवं मुख्यमंत्री के सलाहकार कृष्णा दास की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। अतिथियों ने खेल मड़ाई 2026 के शुभंकर का अनावरण किया तथा डिजिटल मशाल प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिताओं का विधिवत आगाज़ किया।
इस अवसर पर अतिथियों ने रायपुर प्रेस क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन पत्रकारों के बीच आपसी समन्वय, स्वास्थ्य जागरूकता और खेल भावना को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि दिवंगत पत्रकारों की स्मृति में आयोजित यह आयोजन उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है और नई पीढ़ी को प्रेरित करता है।
नीति आयोग के उपाध्यक्ष जी.एस. मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीमवर्क और सकारात्मक ऊर्जा का सशक्त साधन है। उन्होंने अपने प्रशासनिक अनुभव साझा करते हुए पत्रकारों को समाज और शासन के बीच सेतु बताते हुए ऐसे आयोजनों को ऊर्जा का स्रोत बताया।
वहीं सूचना आयुक्त शिरीष मिश्रा ने पत्रकारों की व्यस्त जीवनशैली में ऐसे आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित किए जाने पर बल दिया और खेलों को आपसी संवाद का प्रभावी माध्यम बताया।
मुख्यमंत्री के सलाहकार कृष्णा दास ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और उनके मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य के लिए इस प्रकार के आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने प्रेस क्लब द्वारा किए जा रहे इस प्रयास की सराहना की।
शुभारंभ के दिन स्वर्गीय रमेश नैयर स्मृति कैरम प्रतियोगिता के तहत कुल 17 मुकाबले खेले गए। विजेताओं की सूची इस प्रकार है — (
विजेताओं की सूची (पहले दिन):
संदीप वर्मा (वॉकओवर)
संतोष साहू
मुकेश वर्मा (वॉकओवर)
राजीव रंजन रैना (वॉकओवर)
त्रिलोचन मानिकपुरी (वॉकओवर)
मो. अमीन
संजय शुक्ला (वॉकओवर)
लवलेश द्विवेदी (वॉकओवर)
भूपेश जांगड़े
विजय यादव (वॉकओवर)
भूपेश केशरवानी (वॉकओवर)
हितेश मेहता
दिनेश पाटकर
विनय घाटगे
अनिल पुसदकर (वॉकओवर)
विकास शर्मा (वॉकओवर)
नागेंद्र वर्मा (वॉकओवर)
इस अवसर पर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव भूपेश जांगड़े, निवेदिता साहू सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित रहे। सभी ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
आने वाले दिनों में विभिन्न खेलों में रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
००००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

