०38 युवा बस से रायपुर के लिए रवाना
सुकमा,29 मार्च (आरएनएस)। जिले के पुनर्वासित युवाओं को मुख्यधारा से जोडऩे और उनके आत्मविश्वास को मजबूत करने के उद्देश्य से सुकमा जिला प्रशासन द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है। कलेक्टर अमित कुमार के निर्देशन तथा जिला पंचायत सीईओ मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में स्वामी विवेकानंद युवा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत नियद नेल्लानार कार्यक्रम के तहत युवाओं के लिए दो दिवसीय बौद्धिक एवं शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस दौरान युवा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और अन्य अधिकारियों से भी मुलाक़ात करेंगे। इस कार्यक्रम के तहत जिले के पुनर्वासित युवाओं को शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली से परिचित कराने, उनके ज्ञान का विस्तार करने तथा समाज के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसी क्रम में बुधवार को नोडल अधिकारियों के साथ कुल 38 प्रतिभागियों को ठाकुर प्यारेलाल राज्य पंचायत एवं ग्रामीण विकास संस्थान, निमोरा (रायपुर) के लिए रवाना किया गया। भ्रमण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को राजधानी रायपुर के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का शैक्षणिक दौरा कराया जाएगा। इसमें मंत्रालय, विधानसभा, जंगल सफारी, आदिवासी संग्रहालय, विज्ञान केंद्र, स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डा, रेलवे स्टेशन, सिटी सेंटर मॉल तथा पुरखौती मुक्तांगन जैसे स्थान शामिल हैं। इन स्थलों के भ्रमण से युवाओं को शासन व्यवस्था, आधुनिक विकास, विज्ञान एवं संस्कृति से जुड़े विविध पहलुओं को समझने का अवसर मिलेगा।जिला प्रशासन की यह पहल पुनर्वासित युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सकारात्मक कदम मानी जा रही है, जिससे उन्हें नए अवसरों की जानकारी मिलने के साथ-साथ अपने जीवन को बेहतर दिशा देने की प्रेरणा भी प्राप्त होगी।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

