भोपाल 29 मार्च (आरएनएस)। बैरागढ़ इलाके में रहने वाले एक किराना कारोबारी ने अपनी दुकान में फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। रविवार तड़के उनकी बॉडी फंदे पर लटकी मिली। सुसाइड नोट नहीं मिलने से आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
रविवार की दोपहर को बॉडी पीएम के बाद परिजनों को सौंप दी गई है। उमेश कुमार खतरी पिता हेमंत कुमार खत्री (41) नीलकंठ कॉलोनी शिव मंदिर के पास बैरागढ़ में रहते थे। उनके भाई अजीत ने बताया कि भैया किराना कारोबारी थे, इसी के साथ फाइनेंस कंपनी के लिए रिकवरी का काम भी करते थे।2007 में शादी हुई और 2016 में पत्नी से तलाक ले लिया। उनके दो बच्चे हैं, दोनों बच्चे पत्नी के पास हैं। रविवार तड़के उनका शव घर में स्थित दुकान में फांसी के फंदे पर लटका मिला। भाई ने सबसे पहले बॉडी को देखा और परिजनों व पड़ोसियों की मदद से बॉडी को फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने भी चेक करने के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस का कहना है कि मृतक की दुकान की तलाशी में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों ने भी बयानों में मौत का कोई ठोस कारण नहीं बताया है। हालांकि परिजनों का कहना है कि पत्नी से तलाक के बाद बच्चों को लेकर वह डिप्रेशन में रहते थे।

