जशपुर,30 मार्च (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में रविवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। टिकैतगंज क्षेत्र में हुई इस दुर्घटना में पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, झारखंड के गुमला जिले के ग्राम सिबिल (थाना चैनपुर) निवासी जितना मुंडा और उनके पुत्र बीरेंद्र मुंडा, साथ ही ग्राम कुरमा निवासी रामदयाल मुंडा (55 वर्ष), जशपुर के टिकैतगंज में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम के बाद तीनों रविवार रात करीब 9:30 बजे मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार या असंतुलन के कारण उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और हादसे का शिकार हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि जितना मुंडा और उनके बेटे बीरेंद्र मुंडा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि रामदयाल मुंडा गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सबसे दुखद बात यह रही कि तीनों पूरी रात सड़क किनारे पड़े रहे। दो की मौत हो चुकी थी और घायल रामदयाल मदद के लिए तड़पते रहे, लेकिन किसी राहगीर की नजर उन पर नहीं पड़ी। सोमवार सुबह लोगों ने उन्हें देखा, तब जाकर पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई।
घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और आपातकालीन सहायता व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

