लखनऊ, 30 मार्च (आरएनएस ) । लखनऊ और अवध क्षेत्र के महान क्रांतिकारी छेदा पासी के शहादत दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय राजधानी महानगर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने महान क्रांतिकारी छेदा पासी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को स्मरण किया।इस अवसर पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए अजय राय ने कहा कि छेदा पासी स्वतंत्रता संग्राम के ऐसे वीर योद्धा थे, जिन्होंने अंग्रेजों से संघर्ष करते हुए देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि छेदा पासी का त्याग और बलिदान आने वाली पीढिय़ों के लिए प्रेरणा का स्रोत है और उनका जीवन देशभक्ति तथा साहस का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है।उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज के प्रत्येक व्यक्ति को उनके बताए मार्ग पर चलने की आवश्यकता है। समाज में समानता, न्याय और भाईचारे को मजबूत करने के लिए सामूहिक संकल्प लेना समय की मांग है। अजय राय ने कहा कि छेदा पासी ने समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए जो संघर्ष किया, वह इतिहास में सदैव याद रखा जाएगा और उनका योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

