लखनऊ, 30 मार्च (आरएनएस ) । लखनऊ में कला और संस्कृति का एक विशेष संगम देखने को मिला, जब कंबोडिया की महामहिम राजदूत रथ मैनी ने राज्य ललित कला अकादमी पहुंचकर कलाकारों की रचनात्मक दुनिया को करीब से देखा और समझा। उनके इस दौरे ने कार्यक्रम को अंतरराष्ट्रीय महत्व प्रदान किया और कला जगत में उत्साह का माहौल बना दिया।राज्य ललित कला अकादमी में उनके स्वागत के अवसर पर एक विशेष कला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस दौरान राजदूत ने विभिन्न कलाकृतियों का अवलोकन किया और प्रदेश के वरिष्ठ विजुअल आर्ट कलाकारों के साथ कला के विविध आयामों पर विस्तार से चर्चा की। प्रदर्शनी में प्रदर्शित कलाकृतियों की गुणवत्ता और विषयवस्तु को देखकर राजदूत रथ मैनी काफी प्रभावित नजर आईं। उन्होंने भारतीय कला की विविधता, गहराई और सृजनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक संवाद को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।इस अवसर पर उन्हें प्रदेश में कला और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी गई। विशेष रूप से पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह की पहल तथा अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में विस्तार से बताया गया, जिनके माध्यम से कलाकारों को प्रोत्साहन और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराया जा रहा है।प्रदर्शनी में वरिष्ठ छायाकार अनिल रिसाल और वाटर कलर कलाकार अनिल शर्मा की कलाकृतियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। इसके अतिरिक्त ‘फ्रॉम अवेकनिंग टू इनलाइटमेंटÓ विषय पर महात्मा बुद्ध के जीवन से प्रेरित विशेष चित्रों का भी प्रदर्शन किया गया, जिन्हें दर्शकों ने विशेष रुचि के साथ देखा।इस संबंध में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि इस तरह के आयोजन कला के माध्यम से दो देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं और प्रदेश के कलाकारों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का अवसर प्रदान करते हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

