लखनऊ 30 मार्च (आरएनएस ),। राजधानी लखनऊ में 1 अप्रैल 2026 को इकाना स्टेडियम में आयोजित होने वाले आईपीएल मैच के दृष्टिगत यातायात पुलिस द्वारा विशेष डायवर्जन व्यवस्था लागू की गई है। यह व्यवस्था दोपहर 15:00 बजे से मैच समाप्ति तक प्रभावी रहेगी, जिसके तहत बड़े वाहन, बस, कामर्शियल वाहन एवं सामान्य यातायात के लिए कई प्रमुख मार्गों पर प्रतिबंध लगाए गए हैं।यातायात विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार कमता शहीद पथ तिराहा अयोध्या रोड से सामान्य यातायात को शहीद पथ होते हुए सुल्तानपुर रोड, रायबरेली रोड और कानपुर रोड की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहन कमता तिराहा, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान चौराहा, समतामूलक चौराहा, करियप्पा चौराहा, तेलीबाग चौराहा और किसान पथ के माध्यम से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। इसी प्रकार शहीद पथ कानपुर रोड तिराहा से सुल्तानपुर रोड, रायबरेली रोड और अयोध्या रोड की दिशा में भी सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा और वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरना होगा।गोसाईगंज कस्बा तिराहा, अमूल डेरी कटिंग, उतरेठिया अंडरपास चौराहा तथा हुसडिय़ा अंडरपास चौराहा सहित कई स्थानों से बड़े और कामर्शियल वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई गई है। इन वाहनों को वृंदावन योजना, कबीरपुर किसान पथ, तेलीबाग, बंगलाबाजार और बाराबिरवा चौराहा जैसे वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरना होगा। इसके अलावा सुल्तानपुर रोड से आने वाले सामान्य यातायात को अमूल तिराहे से ही डायवर्ट किया जाएगा तथा अहिमामऊ चौराहा से प्लासियो की ओर जाने वाला यातायात पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।यातायात पुलिस के अनुसार मैच के कारण शहीद पथ पर दोपहर 14:00 बजे से रात्रि 21:00 बजे तक वाहनों का दबाव अधिक रहने की संभावना है। ऐसे में दर्शकों के अतिरिक्त कानपुर नगर, एक्सप्रेस-वे, बाराबिरवा और अमौसी की ओर जाने वाले वाहन चालकों से अपील की गई है कि असुविधा से बचने के लिए शहीद पथ का प्रयोग करने से बचें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।इकाना स्टेडियम की पार्किंग में जाने वाले बड़े वाहन और बसों को अहिमामऊ चौराहा से होकर जाने की व्यवस्था की गई है। वहीं स्टेडियम तक पहुंचने के लिए अर्जुनगंज और कैंट मार्ग का प्रयोग करने की भी सलाह दी गई है, ताकि शहीद पथ पर यातायात दबाव को कम किया जा सके।यातायात पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि 1 अप्रैल 2026 को भारी और बड़े वाहनों के लिए नो-एंट्री का समय रात्रि 11:00 बजे के बजाय मैच समाप्त होने और यातायात सामान्य होने तक प्रभावी रहेगा। किसी भी प्रकार की जानकारी या आपात स्थिति में नागरिक ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454405155 पर संपर्क कर सकते हैं।इसके अतिरिक्त चिकित्सकीय आपात स्थिति में एम्बुलेंस, स्कूली वाहन, फायर सर्विस और शव वाहन जैसे आवश्यक वाहनों को ट्रैफिक पुलिस द्वारा आवश्यकतानुसार प्रतिबंधित मार्गों से भी गुजरने की अनुमति दी जाएगी, ताकि जनसामान्य को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

