लखनऊ, 30 मार्च (आरएनएस ) । थाना पीजीआई पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं में शामिल एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तीन मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी के विरुद्ध दर्ज विभिन्न मुकदमों में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार 17 मार्च 2026 को कैलाशपुरी, आलमबाग निवासी पूनम तिवारी ने सैनिक नगर क्षेत्र में अज्ञात मोटरसाइकिल सवार द्वारा मोबाइल झपट्टा मारकर ले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसी प्रकार 29 मार्च 2026 को जय प्रकाश निवासी सैनिक नगर, तेलीबाग की पुत्री कृतिमा श्रीवास्तव से भी सैनिक नगर कॉलोनी क्षेत्र में मोबाइल छीनने की घटना सामने आई। इसके अलावा श्वेता मिश्रा निवासी कृष्ण विहार, पाठकपुरम से 11 मार्च 2026 को मधुरिमा स्वीट्स से घर लौटते समय मोबाइल स्नैचिंग की घटना की सूचना दी गई थी। इन घटनाओं के संबंध में थाना पीजीआई पर अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे।घटनाओं की विवेचना के दौरान पुलिस टीम मोबाइल स्नैचिंग करने वाले अज्ञात अभियुक्त की तलाश में वृंदावन योजना, चिरैया बाग, सेक्टर-11, सेक्टर-16, ग्राम इश्वरी खेड़ा तथा सेक्टर-12 सहित विभिन्न क्षेत्रों में सघन अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मोबाइल स्नैचिंग करने वाला आरोपी बाबूखेड़ा की ओर से उतरेठिया रेलवे स्टेशन मार्ग होते हुए शहीद पथ की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उतरेठिया रेलवे लाइन शहीद पथ अंडरपास के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध व्यक्ति को मोटरसाइकिल सहित पकड़ लिया।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुरेश पुत्र जगन्नाथ मौर्या, निवासी ग्राम खसरवारा थाना बंथरा, लखनऊ, उम्र लगभग 30 वर्ष बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से तीन मोबाइल फोन—ओप्पो, नारजो और रेडमी कंपनी के—बरामद किए गए। साथ ही घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (संख्या क्क32रुष्ठ6667) और 860 रुपये नकद भी बरामद हुए।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह बंथरा क्षेत्र में एक होम्योपैथिक मेडिकल स्टोर पर कार्य करता है। आर्थिक आवश्यकता के चलते उसने सुनसान स्थानों पर मोबाइल स्नैचिंग करने की योजना बनाई और अवसर पाकर राहगीरों के मोबाइल झपट्टा मारकर फरार हो जाता था।पुलिस के अनुसार आरोपी सुनसान स्थानों को निशाना बनाकर मोबाइल छीनने की वारदात को अंजाम देता था। उसके खिलाफ थाना पीजीआई में तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज हैं।
इस गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक दुर्गेश सिंह, उपनिरीक्षक परमानंद सिंह, उपनिरीक्षक विवेक कुमार, हेड कांस्टेबल नंदलाल पटेल तथा कांस्टेबल बबलू कुमार की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

