लखनऊ 30 मार्च (आरएनएस )। थाना बंथरा पुलिस ने आपसी विवाद में अपने छोटे भाई की सब्बल से वार कर हत्या करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सब्बल तथा रक्तरंजित कपड़े भी बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार ग्राम खाण्डेदेव, थाना बंथरा निवासी जसोदा ने तहरीर देकर बताया कि 29 मार्च 2026 की रात उनके पुत्र सरवन और आलोक उर्फ गोलू के बीच खाना खाते समय आपस में विवाद और मारपीट हो गई थी। समझाने के बावजूद दोनों शांत नहीं हुए। इसी दौरान सरवन ने सब्बल से वार कर आलोक उर्फ गोलू की हत्या कर दी। तहरीर के आधार पर थाना बंथरा में मु0अ0सं0 84/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम राधेखेड़ा की ओर जाने वाली सड़क के पास स्थित पुलिया के पास से आरोपी सरवन पुत्र स्वर्गीय पुत्तीलाल, निवासी ग्राम खाण्डेदेव, थाना बंथरा, लखनऊ, उम्र 28 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर मृतक के सिर पर वार करने में प्रयुक्त सब्बल तथा घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े बरामद किए गए।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना वाली रात लगभग 9:30 बजे भोजन के दौरान उसका अपने छोटे भाई आलोक उर्फ गोलू से विवाद हो गया था। विवाद के दौरान भाई ने उसका सिर दीवार में टकरा दिया, जिससे उसके सिर से खून निकलने लगा। इसके बाद वह छत पर चला गया और कुछ देर बाद नीचे आकर पास में रखे सब्बल से अपने भाई के चेहरे पर कई बार वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद आरोपी सब्बल को रसोई में छिपाकर और अपने पहने कपड़े कमरे में उतारकर मौके से फरार हो गया था।पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इस गिरफ्तारी में थाना बंथरा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

