श्रावस्ती 30 मार्च। थाना गिलौला क्षेत्र अन्तर्गत बीती रात एक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना तब हुई जब वे दुकान बंद कर अपने घर लौट रहे थे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार वाहन चालक की तलाश कर रही है। मृतकों की पहचान पड़ोसी जनपद बहराइच के नगरौर गांव निवासी 48 वर्षीय मोहम्मद हलीम और उनके पड़ोसी जमील के रूप में हुई है। मोहम्मद हलीम पिछले कई वर्षों से गिलौला बाजार में सिलाई की दुकान चलाते थे, जहां जमील भी उनके साथ टेलर का काम करते थे। रोजाना की तरह बीती रात दोनों दुकान बंद कर बाइक से अपने घर नगरौर लौट रहे थे। घर से करीब 12 किलोमीटर पहले परेवपुर के पास उनकी बाइक ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर मे चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोहम्मद हलीम और जमील की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही गिलौला पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गिलौला ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और ट्रैक्टर मौके पर मौजूद हैं, जिसमें ट्रक सामने से क्षतिग्रस्त हुआ है और ट्रैक्टर का एक पिछला पहिया टूट गया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

