कुशीनगर, 30 मार्च (आरएनएस)। जनपद मुख्यालय रवीन्द्र नगर धूस स्थित विकास भवन के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में नवनिर्मित 17 आंगनबाड़ी केन्द्र भवनों का लोकार्पण एवं नवचयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि द्वारा नवनिर्मित 17 आंगनबाड़ी केन्द्र भवनों का लोकार्पण किया गया। जिससे क्षेत्र में बाल विकास एवं पोषण सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहायता मिलेगी। साथ ही नवचयनित 20 आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित कर उन्हें उनके दायित्वों के निर्वहन हेतु शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामकोला विधायक विनय कुमार गौड़ ने कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्र ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण एवं प्रारम्भिक शिक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने नवचयनित सहायिकाओं का आह्वान किया कि वे पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा महिला एवं बाल विकास के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं। जिनका लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। आंगनबाड़ी सहायिकाएं इस कार्य में महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करती हैं। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि जनपद में कुल 1339 आंगनबाड़ी सहायिकाओं के चयन की प्रक्रिया निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संचालित की जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 05 विकास खण्डों में चयन प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है तथा शेष विकास खण्डों में भी चयन कार्य प्रगति पर है।उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया कि चयन प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता के साथ शीघ्रता से संपन्न कराया जाए, जिससे सभी चयनित अभ्यर्थियों को समयबद्ध तरीके से कार्यभार ग्रहण कराया जा सके। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि आंगनबाड़ी केन्द्रों पर संचालित योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण सेवाएं आमजन तक पहुंच सकें। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया।
इस अवसर पर राज्य पिछड़ा आयोग के सदस्य फूल बदन कुशवाहा, मुख्य विकास अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जनपद के समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) एवं मुख्य सेविकाएं सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

