कुशीनगर, 30 मार्च (आरएनएस)। जनपद के पडरौना नगर स्थित हनुमान इंटरमीडिएट कॉलेज में सोमवार को विद्यालय के संस्थापक पंडित मातादीन शर्मा की धर्मपत्नी श्रद्धेय शारदा देवी के निधन पर एक भावपूर्ण शोक सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षक, शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। शोकसभा को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य शैलेंद्र दत्त शुक्ल ने माता शारदा देवी के त्याग मय एवं प्रेरणादायी जीवन को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि जब पंडित मातादीन शर्मा के समक्ष अत्यंत विषम परिस्थितियाँ उत्पन्न हुईं, तब शारदा देवी ने सदैव उनका संबल बनकर उनका उत्साहवर्धन किया। हनुमान इंटरमीडिएट कॉलेज की स्थापना के पीछे उनका मौन त्याग, धैर्य और सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण रहा। उनका जीवन सादगी, सेवा और परिवार के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है।
ज्ञातव्य है कि शारदा देवी का निधन 27 मार्च 2026 को 96 वर्ष की आयु में हुआ। वे अपने पीछे तीन पुत्रों सहित एक समृद्ध परिवार छोड़ गई हैं। उनके पौत्र मनोज शर्मा सारस्वत वर्तमान में हनुमान इंटरमीडिएट कॉलेज के प्रबंधक के रूप में दायित्व निभा रहे हैं।
इस शोक सभा में अमित राव, सचिन मद्धेशिया, कैलाश पति त्रिपाठी, जयराम सिंह, उमेश प्रसाद, मिथिलेश उपाध्याय, रामनिवास पाठक, गगन पांडेय, शुभम गिरी, सच्चिदानंद त्रिपाठी, वंदना सिंह सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अंत में सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

