जौनपुर 30 मार्च (आरएनएस )।कानपुर स्थित चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय एमएसएमई कॉन्क्लेव के अंतिम दिन एक भव्य एवं गरिमामयी समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट एवं समाजसेवी सीए राजेश राज गुप्ता को सम्मानित किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उन्हें सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र में वित्तीय सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान के लिए वरिष्ठ उद्यमी सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान उन्हें वित्तीय परामर्श, उद्यमिता विकास तथा समाजसेवा के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया। मुख्य अतिथि, उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग) राकेश सचान ने उन्हें सम्मानित किया। मंच पर श्री रोहित आनंद (अपर आयुक्त, उद्योग), प्रो. के. विजेंद्र पांडियन (कुलपति), श्रीमती रेनू सिंह (कुलसचिव एवं अपर आयुक्त प्रशासन), प्रो. डॉ. विवेक कुमार त्रिपाठी, प्रो. डॉ. कौशल कुमार तथा श्री राम नवल चैहान (सहायक प्रबंधक, उद्योग जौनपुर) सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सम्मान प्राप्त करने के उपरांत सीए राजेश राज गुप्ता ने उत्तर प्रदेश सरकार एवं आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे भविष्य में भी एमएसएमई क्षेत्र के विकास और समाजसेवा के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

