गरियाबंद, 30 मार्च 2026 (आरएनएस) — सिर्फ मौके पर पकड़े गए आरोपियों तक सीमित न रहकर पूरे नेटवर्क को तोड़ने के मिशन में जुटी गरियाबंद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध गांजा तस्करी के मामले में सीधे सप्लायर तक पहुंच बनाई और भिलाई के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर यह साफ कर दिया कि अब ड्रग्स नेटवर्क की कोई कड़ी बच नहीं पाएगी। मामला थाना फिंगेश्वर क्षेत्र का है जहां अपराध क्रमांक 31/2026 धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले ही राकेश ठाकुर, संजय उके और परमानंद साहू को गांजा तस्करी करते हुए पकड़ा गया था और 3 फरवरी 2026 को न्यायालय में पेश किया गया था, लेकिन यहीं से पुलिस ने असली खेल शुरू किया, पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे गांजा भिलाई निवासी जगदीप उर्फ जगदीश राउलकर को बेचने ले जा रहे थे, बस यही सुराग पुलिस के लिए मास्टर की साबित हुआ। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने केवल गिरफ्तार आरोपियों तक सीमित रहने के बजाय सप्लायर और नेटवर्क की कड़ी तक पहुंचने की रणनीति बनाई, मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया, लगातार पतासाजी की गई और आखिरकार अवैध गांजा को शहर और आसपास के क्षेत्रों में खपाने वाले मुख्य आरोपी जगदीप उर्फ जगदीश राउलकर, पिता देवदास राउलकर, उम्र 46 वर्ष, निवासी बैकुंठधाम जेपी नगर वार्ड नंबर 31 भिलाई थाना छावनी जिला दुर्ग को पकड़ लिया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस कप्तान ने स्पष्ट किया कि अब कार्रवाई सिर्फ छोटे स्तर तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि पूरे नेटवर्क के आखिरी छोर तक पहुंचकर हर कड़ी को तोड़ा जाएगा और जो भी इस अवैध कारोबार में शामिल मिलेगा उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी। यह कार्रवाई एक साफ संदेश है—नशे का कारोबार करने वाले चाहे कितनी भी परतों में छिपे हों, कानून की पकड़ अब सीधे जड़ तक पहुंचेगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

