हरगांव /सीतापुर 30 मार्च (आरएनएस)। थाना क्षेत्र के सुजौलापुर गांव में रविवार देर रात तिलक समारोह के दौरान चली गोली से एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना ने हर्ष फायरिंग पर प्रतिबंध के बावजूद जारी लापरवाही को उजागर कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत हैदरपुर के मजरा सुजौलापुर में रामसेवक कनौजिया के घर तिलक कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान 12-13 वर्षीय किशन कुमार उर्फ हिमांशू (पुत्र आशाराम) घर के बाहर खड़ी बाइक पर बैठकर समारोह देख रहा था। तभी अचानक गोली चल गई, जो उसकी जांघ में लगकर आर-पार हो गई। घटना को लेकर दो तरह की बातें सामने आ रही हैं। एक पक्ष के अनुसार, समारोह में हर्ष फायरिंग की जा रही थी, इसी दौरान चली गोली किशोर को जा लगी। वहीं दूसरे पक्ष का आरोप है कि दो लोग अवैध असलहा छीनने के दौरान उलझे थे, तभी अचानक गोली चल गई। घायल किशोर को पहले सीएचसी हरगांव, फिर जिला अस्पताल और हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार अत्यधिक रक्तस्राव हुआ, लेकिन समय पर इलाज से हालत नियंत्रण में है। प्रभारी निरीक्षक बलवंत शाही ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है, जांच जारी है और दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

