हरगांव/सीतापुर 30 मार्च (आरएनएस)। हरगांव में जय मां दुर्गे कमेटी द्वारा सोमवार को मां दुर्गा की 35वीं विशाल शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ महादेवन मंदिर जोशीटोला से अपराह्न लगभग चार बजे हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा में गणेश भगवान, शिव परिवार, रामदरबार, माता दुर्गा, हनुमान जी, नंदी पर सवार भोलेनाथ, काली माता और राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। इन मनमोहक झांकियों ने नगर भ्रमण कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। शोभायात्रा सीता-लखीमपुर मार्ग से होते हुए महोली तिराहा पहुंची और वहां से सूर्य कुंड तीर्थ तक गई, तत्पश्चात पुन: महादेवन मंदिर पर समापन हुआ। पूरे मार्ग में भजनों और जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए थाना प्रभारी बलवंत शाही, कोतवाली देहात प्रभारी अमर सिंह व इमलिया सुल्तानपुर थानाध्यक्ष आशीष तिवारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। फायर ब्रिगेड टीम भी सतर्क रही।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

