सिरसा 31 मार्च (आरएनएस)। प्रवेश उत्सव एवं नामांकन अभियान के लिए नाथूसरी चोपटा खंड के सभी विद्यालय मुखियाओं की बैठक खंड शिक्षा अधिकारी सतबीर ढिढारिया की अध्यक्षता में बुलाई गई। बैठक में प्राचार्य उम्मेद ढाका, जीतराम रिटायर्ड अध्यापक एवं शिक्षा के क्षेत्र में अनुकरणीय योगदान देने वाले पीआरटी अध्यापक नरेश पूनिया ने भी विद्यालय मुखिया के साथ अपने अनुभव सांझा किए। खंड शिक्षा अधिकारी सतवीर ढिढारिया ने सभी कार्यरत अध्यापकों की कम से कम पांच पांच विद्यार्थियों के न्यू एडमिशन विद्यालयों में करवाने की जिम्मेदारी सौंपी एवं विद्यालय मुखियाओं को शत-प्रतिशत नामांकन हेतु निर्देश दिए और कहा कि स्कूल निजी स्कूलों से सरकारी स्कूलों में आने के इच्छुक विद्यार्थियों की पहचान करने के लिए डोर-टू-डोर सर्वेक्षण का कार्य करें व इन बच्चों व इनके अभिभावकों को विद्यालय में मिलने वाली बेहतर सुविधाओं, शिक्षकों की गुणवत्ता और सरकारी स्कूलों में पढ़ाई के लाभों के बारे में जागरूक किया जाए। राजकीय विद्यालय का बैनर, होर्डिंग्स, सार्वजनिक स्थानों पर लगाएं, जिनमें सरकारी स्कूलों के छात्रों की शैक्षणिक उपलब्धियों का उल्लेख हो और साथ ही सरकारी स्कूलों की गुणवत्ता सुधारने के लिए सरकार द्वारा शुरू की गई योजनाओं और अन्य पहलों का भी उल्लेख किया गया। प्राइवेट विद्यालयों से सरकारी स्कूलों में आने वाले सभी विद्यार्थियों का रिकॉर्ड रखें और उनकी पढ़ाई और शैक्षणिक प्रगति पर नजर रखी जाए। ऐसे विद्यार्थियों के माता-पिता से चर्चा करके उन्हें सरकारी विद्यालयों में दाखिला करवाने का प्रयास करें। 23 मार्च 2026 से 20 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने वाले नांमाकन अभियान ‘प्रवेश उत्सवÓ कार्यक्रम में उपरोक्त सुविधाओं को आम नागरिकों, विद्यार्थियों तथा अभिभावकों तक पहुंचाने के लिए एसएमसी तथा स्कूल मुखियाओं द्वारा मिलकर दाखिला सम्बन्धी सूचना का बैनर (गैर सरकारी विद्यालयों की भांति) लगाया जाना है। गत वर्ष कुछ विद्यालयों की एसएमसी द्वारा यह प्रयास भी किया गया जो सफल रहा। जिन विद्यालयों में 10+1 में विज्ञान संकाय है विशेषकर ऐसे विद्यालय अपने क्षेत्र के बच्चों को स्कूलों में लेकर आयें। इसके लिए विशेष नामांकन अभियान चलाया जाये। बच्चों का दाखिला उसके घर पर जाकर किया जाए। ऐसे माता-पिता जो अपने बच्चों की शिक्षा जारी रखने में अरूचि दिखाते हैं तथा जिनके ड्राप आउट होने की संभावना अधिक है, उनसे व्यक्तिगत सम्पर्क किया जाये तथा उन्हें बच्चों के दाखिले हेतु अभिप्रेरित किया जाये। शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए प्रवेश उत्सव नामांकन अभियान एक उत्सव के तौर पर मनाया जाए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

