सिरसा 31 मार्च (आरएनएस)। पुलिस विभाग सिरसा में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक फैसल खान के तबादले के अवसर पर पुलिस लाइन, बरनाला रोड स्थित प्रशासनिक भवन में एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन सहित अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने अपने संबोधन में कहा कि एएसपी फैसल खान ने अपने कार्यकाल के दौरान कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और उत्कृष्ट कार्यशैली का परिचय देते हुए विभाग में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी है, जिसे हर अधिकारी और कर्मचारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाना चाहिए। उन्होंने सभी पुलिस कर्मियों से आह्वान किया कि वे जनता की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने में अपनी भूमिका को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
इस अवसर पर एएसपी फैसल खान ने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए कहा कि सिरसा में कार्य करते हुए उन्होंने पुलिस कार्य प्रणाली को गहराई से समझा और सहयोगी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला। उन्होंने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे हमेशा अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहें और ईमानदारी से कार्य करते रहें।समारोह के दौरान पुलिस विभाग की ओर से एएसपी फैसल खान को स्मृति चिन्ह एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रशिक्षु आईपीएस शिवम यादव, डीएसपी आदर्शदीप, संजीव बल्हारा, राजेश कुमार, राज सिंह, सिद्धार्थ बिश्नोई सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।अंत में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एएसपी फैसल खान के कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

