धमतरी, 31 मार्च (आरएनएस)। जिले के मगरलोड ब्लॉक अंतर्गत हरदी गांव में 26 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतका के गले पर चोट के निशान पाए जाने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है।जानकारी के अनुसार, करेली बड़ी चौकी क्षेत्र के हरदी गांव निवासी सोमबाई यादव की अचानक मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि महिला को सीने में दर्द हुआ था, जिसके चलते उसकी मौत हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।प्रारंभिक जांच में पुलिस ने मृतका के गले पर चोट के निशान पाए, जिससे मामला संदिग्ध हो गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामला हत्या का है या किसी अन्य कारण से मौत हुई है।एडिशनल एसपी शैलेंद्र पांडे ने बताया कि करेली बड़ी चौकी को महिला की आकस्मिक मृत्यु की सूचना मिली थी, जिसमें शुरुआती तौर पर सीने में दर्द को कारण बताया गया था। उन्होंने कहा कि मर्ग कायम कर हर पहलू से जांच की जा रही है।पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं, करेली बड़ी चौकी प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश का हवाला देते हुए मृतका का फोटो जारी करने से इनकार किया है।घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक इंतजार करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

