0 भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना डीपेंद्र साहू बोलीं
0 प्रशिक्षण से मजबूत होता है संगठन
धमतरी, 01 अप्रैल (आरएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण एवं कार्यकर्ताओं के बौद्धिक विकास के उद्देश्य से रांवा मंडल, जिला धमतरी में प्रशिक्षण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना डीपेंद्र साहू शामिल हुईं। अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष अमन राव ने किया ।कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिससे पूरे प्रशिक्षण स्थल में आध्यात्मिकता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ। इस अवसर पर मंडल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता श्रीमती रंजना डीपेंद्र साहू ने अपने उद्बोधन में प्रशिक्षण अभियान की उपादेयता पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक ऐसी संगठनात्मक पार्टी है, जहाँ कार्यकर्ताओं के निरंतर प्रशिक्षण पर विशेष बल दिया जाता है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण केवल जानकारी प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि यह व्यक्तित्व विकास, वैचारिक स्पष्टता और संगठनात्मक कौशल को मजबूत करने का सशक्त साधन है। उन्होंने आगे कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ता पार्टी की रीति-नीति, विचारधारा और कार्यप्रणाली को गहराई से समझते हैं।
यह उन्हें समाज के बीच प्रभावी रूप से कार्य करने, जनसमस्याओं को समझने और उनके समाधान हेतु सक्रिय भूमिका निभाने के लिए सक्षम बनाता है। एक प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन की रीढ़ होता है और वही पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। श्रीमती साहू ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस प्रशिक्षण अभियान का अधिकतम लाभ उठाएं और अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, समर्पण एवं अनुशासन के साथ करें। कार्यक्रम के दौरान संगठन की मजबूती, आगामी गतिविधियों एवं जनसंपर्क को लेकर भी चर्चा की गई। अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। शुभारंभ अवसर पर पर मंडल प्रशिक्षण प्रभारी सहित वरिष्ठ जनों की उपस्थिति रही ।
0

