खैरागढ़, 17 मई (आरएनस)। खैरागढ़ नगर के बख्शी मार्ग स्थित राधाकृष्ण मंदिर में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक एशियाई पाम सिवेट यानी टोडी कैट मंदिर परिसर में घुस आया। पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं और पुजारी ने जैसे ही मंदिर के छज्जे पर बैठे वन्यजीव को देखा, इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, रोजाना की तरह मंदिर पहुंचे पुजारी की नजर अचानक छज्जे पर बैठे टोडी कैट पर पड़ी। वन्यजीव को देखते ही उन्होंने आसपास मौजूद लोगों को सूचना दी। कुछ ही देर में मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में लोग जुट गए और वन्यजीव को देखने के लिए भीड़ लग गई।
स्थानीय लोगों ने पहले उसे मंदिर परिसर से बाहर भगाने की कोशिश की, लेकिन टोडी कैट काफी देर तक वहीं डटा रहा। स्थिति को देखते हुए वन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया।
वन अमले ने काफी मशक्कत के बाद टोडी कैट को सुरक्षित पिंजरे में कैद किया और बाद में उसे जंगल में छोड़ दिया। रेस्क्यू के दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बख्शी मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से इस तरह के वन्यजीवों की आवाजाही बढ़ गई है। माना जा रहा है कि जंगलों के दायरे कम होने और भोजन की तलाश में ये आबादी वाले इलाकों की ओर आ रहे हैं।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार का वन्यजीव दिखाई दे तो घबराने या उसे नुकसान पहुंचाने की कोशिश न करें, बल्कि तुरंत विभाग को सूचना दें। अधिकारियों ने बताया कि एशियाई पाम सिवेट एक निशाचर और शर्मीला वन्यजीव होता है, जो आमतौर पर इंसानों से दूरी बनाकर रहता है।
बंछोर
000

