रायपुर, 01 अप्रैल (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली डबल मर्डर की वारदात सामने आई है। सेमरिया गांव में एक पूर्व पुलिसकर्मी ने अपनी पत्नी और बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी गुलाब साहू ने आज सुबह करीब 7 बजे अपनी पत्नी लता साहू और 22 वर्षीय बेटी चित्रा पर टंगिया से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि गुलाब और लता ने करीब 4 साल पहले दूसरी शादी की थी। चित्रा, लता की पहली शादी से बेटी थी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सुबह किसी घरेलू विवाद के चलते आरोपी ने गुस्से में आकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद आरोपी खुद ही थाने पहुंचा और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी यह भी सामने आई है कि आरोपी गुलाब साहू पहले पुलिस विभाग में कार्यरत था, लेकिन अनुशासनहीनता के चलते उसे बर्खास्त कर दिया गया था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हत्या के पीछे के असली कारणों का पता लगाया जा रहा है।
0

