रामानुजगंज,2 अप्रैल (आरएनएस)। नगर में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने हेतु पतंजलि कायाकल्प योग कक्षा समिति, अशोकनगर (मध्यप्रदेश) के तत्वावधान में 2 अप्रैल से निशुल्क योग कक्षाओं का पुन: शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर वार्ड क्रमांक 9 स्थित प्राचीन राम मंदिर परिसर में फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया गया।यह योग कक्षाएं गुरुदेव डॉ. पवन सिंघल द्वारा स्थापित संस्था के मार्गदर्शन में संचालित हो रही हैं। कक्षाएं प्रतिदिन प्रात: 5:00 बजे से 7:15 बजे तक आयोजित होंगी, जबकि रविवार एवं विशेष अवसरों पर समय 7:30 बजे तक रहेगा। योग प्रशिक्षण का संचालन करुणा गुप्ता (ग्वालियर) द्वारा ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा।उद्घाटन कार्यक्रम योग गुरु ज्ञानेंद्र बाजपेई एवं योग शिक्षिका आरती बाजपेई के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर वरिष्ठ योग साधक अरविंद दुबे, प्राचार्य आनंद पाठक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता रेणु पाठक, प्रधान पाठक सिम्मी गुप्ता,अजय केशरी सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।कार्यक्रम में वरिष्ठ योग साधक अरविंद दुबे ने योग के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि योग न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। वहीं योग साधक अमित गुप्ता ने अधिक से अधिक लोगों से इस निशुल्क योग कक्षा में शामिल होने की अपील की।इस संबंध में जानकारी देते योग साधकअनूप गुप्ता, अमित गुप्ता एवं बंटी अग्रवाल ने बताया कि पूर्व में भी राम मंदिर में नियमित रूप से योग कक्षाएं संचालित होती थीं, जो कुछ समय के लिए बंद हो गई थीं। अब इन्हें पुन: प्रारंभ किया गया है।उन्होंने बताया कि इस योग शिविर में महिलाएं, पुरुष, बच्चे एवं बुजुर्ग सभी भाग ले सकते हैं। उल्लेखनीय है कि पूर्व में यह योग कक्षाएं एक वर्ष से अधिक समय तक सफलतापूर्वक संचालित हुई थीं, जिसमें सभी आयु वर्ग के लोगों ने सहभागिता निभाई थी। साथ ही कई सामाजिक गतिविधियां भी आयोजित की जाती थीं, जिन्हें अब पुन: शुरू करने की योजना है।नगरवासियों में इस पहल को लेकर उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में लोगों के इसमें शामिल होने की संभावना है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

