नई दिल्ली 04 April, (Rns) : नई दिल्ली के बदरपुर इलाके में दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को बड़ी सफलता मिली है। देर रात पुलिस और एक बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी मोहम्मद सलीम उर्फ ‘गंजा’ घायल हो गया। गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नासिर और दानिश पहलवान गिरोह का सक्रिय सदस्य मोहम्मद सलीम किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से बदरपुर आने वाला है। सूचना के आधार पर STF ने इलाके में घेराबंदी कर जाल बिछाया। जैसे ही सलीम मौके पर पहुंचा, पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन खुद को घिरता देख उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह मौके पर ही काबू में आ गया।
मोहम्मद सलीम उर्फ ‘गंजा’ लंबे समय से दिल्ली पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, चोरी और सेंधमारी सहित 75 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह 20 से ज्यादा गंभीर मामलों में फरार चल रहा था। सलीम का नाम चर्चित गैंगस्टर सलीम पहलवान की हत्या में भी सामने आया था और वह फिलहाल नासिर-दानिश पहलवान गिरोह के लिए काम कर रहा था।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से अवैध हथियार, जिंदा कारतूस और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया है। अधिकारियों का कहना है कि सलीम की गिरफ्तारी से राजधानी में सक्रिय आपराधिक गिरोहों पर बड़ा असर पड़ेगा और अपराध पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि फरारी के दौरान उसे किसने शरण दी और वह किन संभावित वारदातों की योजना बना रहा था। पुलिस की इस कार्रवाई को पेशेवर सतर्कता और दक्षता का उदाहरण माना जा रहा है, जो अपराधियों के लिए सख्त चेतावनी भी है।

